भोपाल , मार्च 14 -- चैत्र नवरात्र के अवसर पर सर्वजन कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना के साथ इस वर्ष भी राजधानी भोपाल में 521 मीटर लंबी विशाल चुनरी यात्रा का आयोजन किया जाएगा।

आयोजन समिति के अध्यक्ष कौशल राय ने बताया कि यह आयोजन इस वर्ष अपने दसवें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। 24 मार्च को शाम चार बजे से चुनरी यात्रा श्याम नगर स्थित अरेरा पेट्रोल पंप के पीछे से प्रारंभ होगी।

उन्होंने बताया कि यात्रा हबीबगंज थाना, इंदिरा मार्केट, रविशंकर नगर, मन्नीपुरम, ब्रह्मकुमारी आश्रम, एकांत पार्क और कोलार तिराहा होते हुए चूना भट्टी स्थित मां कालिका मंदिर पहुंचेगी, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ माता रानी को 521 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की जाएगी।

समिति के मीडिया प्रभारी राजेश राय ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मातृशक्ति और युवा शामिल होते हैं। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन और जयकारों से क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो जाता है। समिति ने धर्मप्रेमी नागरिकों से परिवार सहित इस आयोजन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित