प्रयागराज , मार्च 17 -- चैत्र नवरात्र की शुरुआत 19 मार्च से होने जा रही है। इसे देखते हुए रेल प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर 25 जोड़ी नियमित ट्रेनों के अलावा पांच अतिरिक्त ट्रेनों का ठहराव दिया गया है।

उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर तीन अनारक्षित टिकट काउंटर, एक आरक्षित टिकट काउंटर तथा एक पूछताछ काउंटर की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही स्टेशन पर 12 अतिरिक्त रेलकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्टेशन परिसर में अस्थायी रूप से 15 पुरुष और 15 महिला शौचालय, 10 स्नानघर तथा तीन जल बिंदु बनाए जा रहे हैं। आरक्षण काउंटर दोनों पालियों में संचालित किए जाएंगे, ताकि यात्रियों को टिकट लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित