जालौन , मार्च 22 -- चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को जालौन जिले का दौरा कर विभिन्न शक्तिपीठों में पूजा-अर्चना की और प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

अपने एक दिवसीय धार्मिक दौरे के दौरान उन्होंने झांसी स्थित डिकोली माता मंदिर, जालौन के प्रसिद्ध मां रक्तदंतिका मंदिर और अक्षरा देवी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने फूल-माला और प्रसाद अर्पित कर माता रानी का आशीर्वाद लिया।

मंत्री के आगमन पर मंदिर परिसरों में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इसके बाद उन्होंने न्याय पंचायत पिंडारी अंतर्गत स्थित प्राचीन शक्तिपीठ बैरागढ़ धाम का भी दौरा किया और आरती में शामिल हुए। दर्शन के उपरांत उन्होंने चौपाल लगाकर स्थानीय लोगों से संवाद किया तथा उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही मंदिर परिसर का भ्रमण कर महंत शारदा महाराज से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस दौरान माधवगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिला अध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, नीरज दुबे, पुष्पेंद्र सेंगर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। थाना एट प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार पांडे के नेतृत्व में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित