चंडीगढ़ , मई 20 -- चैंबर ऑफ चंडीगढ़ इंडस्ट्रीज़ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालिया अपील के मद्देनजर अपने सदस्यों से अगले एक वर्ष तक राष्ट्रीय हित में कुछ विशेष कदम अपनाने की अपील की है।

चैंबर के अध्यक्ष सुरिंदर गुप्ता ने कहा कि उद्योगपतियों और कारोबारियों से सोने की खरीद से बचने, ईंधन की बचत करने, अनावश्यक यात्राएं कम करने तथा अत्यावश्यक होने पर ही विदेश यात्राएं करने का आग्रह किया गया है। इसके अलावा व्यापारिक संस्थानों से वर्चुअल मीटिंग्स और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की भी अपील की गयी है, ताकि अनावश्यक खर्चों को कम किया जा सके और संसाधनों की बचत हो। चैंबर ने कहा कि इन उपायों का उद्देश्य देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना, गैर-जरूरी खर्चों में कमी लाना और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।

श्री सुरिंदर गुप्ता ने उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से यह भी आग्रह किया कि वे अपने कर्मचारियों और सहयोगियों के बीच भी इन उपायों के प्रति जागरूकता फैलाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग राष्ट्रीय हित में योगदान दे सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित