गोपालगंज, अगस्त 03 -- बिहार में गोपालगंज के जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में सोमवार कप चेहल्लुम पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था संधारण के लिये प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय, अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) रोहित कुमार, मुख्यालय डीएसपी, अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रेरणा सिंह, सामान्य शाखा प्रभारी अजय कुमार, जिला स्तरीय पदाधिकारी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी तथा जिले के सभी थाना अध्यक्ष उपस्थित थे। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर समय से पहुंचकर पूरी सतर्कता एवं सजगता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चेहल्लुम पर्व के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिला पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारी को स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने तथा किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सतत गश्ती, प्रभावी निगरानी, निर्बाध यातायात व्यवस्था तथा आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जाए तथा किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को दी जाए। साथ ही सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक गतिविधि की नियमित सूचना नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराते रहें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित