दरभंगा , अगस्त 03 -- चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए दरभंगा प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। जिला दंडाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुन्नाथ रड्डी जलारड्डी ने संयुक्त आदेश जारी कर 140 संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी, एवं पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।

04-05 अगस्त को मनाए जाने वाले पर्व के दौरान ताजिया जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने जुलूसों के मार्ग इस तरह तय करने को कहा है कि किसी प्रकार का विवाद न हो। अधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण कर विधि-व्यवस्था पर नजर रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। अफवाह फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने को भी कहा गया है। वहीं संवेदनशील क्षेत्रों में शांति समिति को सक्रिय रखने तथा प्रबुद्ध नागरिकों के सहयोग से सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

04 से 05 अगस्त तक समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा। जहां फोन: 06272-240600 कार्यरत रहेगा। यातायात व्यवस्था के लिए भी विशेष पुलिस बल की तैनाती की गई है।

प्रतिनियुक्त बल 04 अगस्त से 05 अगस्त तक प्रभावी रहेगा और आवश्यकता अनुसार बढ़ाया जा सकेगा। सभी अधिकारियों को समन्वय बनाकर स्थिति नियंत्रित रखने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन ने लोगों से चेहल्लुम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की है तथा चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित