चेन्नई , अप्रैल 14 -- काफ इंजरी से उबर रहे एमएस धोनी की आईपीएल 2026 में वापसी के लिए अभी और इंतज़ार करना पड़ सकता है क्योंकि वह अभी भी मैच फ़िटनेस पर काम करते प्रतीत हो रहे हैं।
28 मार्च को सीजन के पहले दिन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने अपने बयान में बताया था कि धोनी पहले दो सप्ताह तक के लिए बाहर रह सकते हैं और वह रिहैब से गुज़रेंगे। धोनी टीम के अन्य साथियों के साथ अभ्यास कर रहे हैं लेकिन वह केवल थ्रोडाउन का सामना कर रहे हैं और अभी भी उनका पूरी तरह से फ़िट होना बाक़ी है।
सोमवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर ) के ख़िलाफ़ घरेलू मैच की पूर्व संध्या पर चेपॉक में अंडर लाइट्स सीएसके के अभ्यास के अंतिम चरण में धोनी ने नेट्स में थोड़ी देर अभ्यास किया। लेकिन एक बार फिर उन्होंने सपोर्ट स्टाफ़ से केवल थ्रोडाउन का सामना किया, उन्हें अभ्यास कराने वालों में टीम के बल्लेबाज़ी कोच माइक हसी भी शामिल थे।
जब हसी ने प्रैक्टिस पिच के बीच में गेंद डाली तो गेंद धोनी के बल्ले के जोड़ पर जा लगी। लेकिन जब गेंद उनके स्लॉट में पड़ी तब उन्होंने गेंद को अपने बॉटम हैंड का इस्तेमाल करते हुए मिडविकेट बाउंड्री की ओर भेज दिया। इसके बाद उन्होंने स्लॉट में पड़ी एक और गेंद को लेग साइड में 'जे' स्टैंड में भेज दिया। सीएसके का अभ्यास सत्र रात के नौ बजे समाप्त हुआ। धोनी ने विकेटकीपिंग का अभ्यास नहीं किया।
44 वर्षीय धोनी ने सीएसके के अब तक चारों मुक़ाबले मिस किए हैं और मंगलवार को भी वह खेलने से चूक सकते हैं। उन्होंने अब तक चेन्नई के बाहर सीएसके के मुक़ाबलों के लिए गुवाहाटी और बेंगलुरु की यात्रा नहीं की है। वहीं सीएसके के घरेलू मुक़ाबलों के लिए भी वह चेपॉक नहीं पहुंचे हैं।
गुवाहाटी में पहली प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान टीम के मुख्य कोच स्टीफन फ़्लेमिंग ने कहा था कि वह टीम से जुड़ी चर्चाओं में शामिल रहते हैं और टीम पर उनका प्रभाव अभी भी मजबूत है। धोनी की अनुपस्थिति में संजू सैमसन विकेटकीपिंग कर रहे हैं और इंग्लैंड के ऑलराउंडर जेमी ओवर्टन ने अपने खेल से फ़िनिशर की भूमिका अदा करने की झलक दिखाई है।
सीएसके के पास राजस्थान के विकेटकीपर कार्तिक शर्मा भी हैं जिन्हें उन्होंने दिसंबर में हुई नीलामी में 14.2 करोड़ में ख़रीदा था, इसके अलावा उनके पास गुजरात के विकेटकीपर उर्विल पटेल का विकल्प भी मौजूद है।
पिछले कुछ सीजन में धोनी ने प्रति पारी अंतिम 10-12 गेंदें खेलकर उनका अधिक से अधिक उपयोग करने की भूमिका निभाई है। 2023 में उनका स्ट्राइक रेट 182 था और 2024 में उन्होंने 221 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाज़ी की थी। लेकिन पिछले साल उन्हें 145 गेंदों का सामना करना पड़ा जो कि 2023 (57) और 2024 (73) में खेली गई गेंदों को मिलाकर भी ज़्यादा था और इसके परिणामस्वरूप उनका स्ट्राइक रेट घटकर 135 का रह गया।
सीएसके को स्पेंसर जॉनसन के आने का भी इंतज़ार है जिन्हें उन्होंने नैथन एलिस के रिप्लेसमेंट के तौर पर अपने दल में शामिल किया था। जॉनसन ख़ुद भी इस समय चोट से उबर रहे हैं और उनके 21 से 23 अप्रैल तक सीएसके के साथ जुड़ने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित