पटना , अप्रैल 21 -- राजधानी पटना में हाल के दिनों में हुई चेन छीनने की घटनाओं पर नकेल कसने के लिए पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चेन छिनतई गिरोह के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है।

विशेष अभियान के तहत पटना पुलिस लगातार वाहन चेकिंग, गश्ती व्यवस्था और तकनीकी निगरानी के माध्यम से अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई कर रही है।

हाल के दिनों में पटना पुलिस ने ऐसे कई मामलों में अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामन की बरामदगी भी की है। इस मामले में समय-समय पर पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक समेत संबंधित पुलिस अधीक्षकों की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी जाती रही है।

चेन छीनने के मामले में संबंध में कदमकुंआ थानाध्यक्ष ने बताया कि राजेंद्र नगर में विगत 20 अप्रैल की रात्रि लगभग आठ बजे एक महिला से चेन छिनतई के संबंध में अभी तक उन्हें कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।

कदमकुआं के थानाध्यक्ष ने बताया कि विगत 20 अप्रैल को जिस महिला के साथ चेन छीनने की वारदात हुई है, उनसे आवेदन की मांग की गई है। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त कदमकुआं थाना क्षेत्र में पिछले 15 अप्रैल को भी एक व्यक्ति से चेन छिनतई की घटना हुई थी। प्राप्त आवेदन के आधार पर पुलिस द्वारा कदमकुआं थाना कांड संख्या 294/26, 15 अप्रैल, 2026 दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में अग्रतर अनुसंधान के क्रम में पुलिस द्वारा छापेमारी कर घटना में प्रयुक्त बाइक को जब्त कर लिया गया है। साथ ही, तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर अभियुक्त की पहचान एवं गिरफ्तार की कार्रवाई की जा रही है। इन घटनाओं को देखते हुए पटना पुलिस के वरीय पदाधिकारियों के निर्देशन में सतर्कता पूर्वक ग़श्ती एवं वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

पटना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे अपराध पर और अधिक प्रभावी ढंग से नियंत्रण किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित