चेन्नई , अगस्त 29 -- चेन्नई के गुडुवांचेरी में महिला की हत्या और आगरा में ट्रेन के सूटकेस में शव के टुकड़े मिलने के मामले में मुख्य आरोपी एम. माणिकउद्दीन लश्कर को मणिपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है।

कई सुरागों की जांच और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने के बाद चेन्नई की एक विशेष पुलिस टीम ने मणिपुर में मुख्य संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी एक महिला की हत्या के सिलसिले में की गई है, जिसके शरीर के कटे हुए हिस्से आगरा रेलवे स्टेशन पर चेन्नई-नयी दिल्ली तमिलनाडु एक्सप्रेस में एक लावारिस सूटकेस में मिले थे।

आरोपी की पहचान माणिकउद्दीन लस्कर (22) के तौर पर हुई है। उसे मणिपुर में गिरफ्तार किया गया और स्थानीय अदालत से स्थानांतरण वारंट लेने के बाद ट्रेन से चेन्नई लाया गया। उससे गुडुवांचेरी थाने में पूछताछ की जा रही है। इसी इलाके में महिला की हत्या हुई थी। एक और महिला संदिग्ध भगवती माजू, जिसकी हत्या में शामिल होने की बात कही जा रही है, वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और उसने तलाशी अभियान तेज कर दिया है। साथ ही पीड़िता का सिर खोजने की कोशिशें भी जारी हैं, जो अभी तक नहीं मिला है। उसकी पहचान और हत्या के मकसद का पता लगाने की कोशिशें भी चल रही हैं।

गौरतलब है कि यह मामला तब सामने आया जब 5 अगस्त को आगरा रेलवे स्टेशन पर नयी दिल्ली जाने वाली तमिलनाडु एक्सप्रेस के एक कोच में रेलवे पुलिस को एक लावारिस सूटकेस मिला। ट्रेन वहां रुकी थी। जब उन्हें एक महिला के शरीर के कटे हुए हिस्से मिले तो वे हैरान रह गए। जांचकर्ताओं को शायद ही अंदाजा रहा होगा कि हत्या की जांच चेन्नई के दक्षिणी उपनगर गुडुवांचेरी तक पहुंचेगी। यह सुराग तब मिला जब शरीर के हिस्सों को पैक करने के लिए इस्तेमाल किए गए पॉलीथीन कवर पर चेन्नई की एक मशहूर टेक्सटाइल रिटेल चेन का नाम लिखा मिला।शुरुआत में आगरा रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।

बाद में जब सुराग चेन्नई की ओर इशारा करने लगे, तो चेन्नई सदर पुलिस और तांबरम सदर पुलिस के साथ मिलकर विशेष टीमें बनाई गईं। अलग-अलग रेलवे स्टेशनों के कई सीसीटीवी फुटेज की जांच से पता चला कि एक आदमी और एक औरत उसी सूटकेस के साथ थे, जिससे जांचकर्ताओं का ध्यान चेन्नई के उपनगर की ओर गया। आगे की जांच से पता चला कि महिला की हत्या गुडुवांचेरी में टाइल वाली छत वाले एक घर में की गई थी, जो तांबरम सदर पुलिस प्रमंडल के अधिकार क्षेत्र में आता है।

पुलिस ने घर का ताला तोड़ा और बारीकी से तलाशी ली, जिसमें पता चला कि ओडिशा के तीन लोग-एक पुरुष और दो महिलाएं वहां रह रहे थे।

जांच के अनुसार हत्या के बाद शव के टुकड़े कर दिए गए थे और कुछ अवशेषों को एक बड़े बर्तन में रखकर मैदे के साथ मिलाया गया और छत के पंखे से लटका दिया गया था। पुलिस को इस बात का कोई सुराग नहीं मिल रहा था कि शव को कहां फेंका या ठिकाने लगाया गया होगा।

हत्या चूंकि गुडुवांचेरी में हुई थी, इसलिए आगरा रेलवे पुलिस ने स्थानीय पुलिस से हत्या का एक अलग मामला दर्ज करने का अनुरोध किया। इसके बाद गुडुवांचेरी पुलिस ने मामला दर्ज किया और संदिग्धों का पता लगाने के लिए विशेष टीमें गठित कीं। आखिरकार टीम ने मणिपुर में माणिकउद्दीन लस्कर का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे चेन्नई लाया गया और अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की परिस्थितियों और अन्य संदिग्धों की संलिप्तता का पता लगाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित