चेन्नई , अक्तूबर 21 -- तमिलनाडु की राजधानी एवं इसके उपनगरों और राज्य के उत्तरी जिलों में हुई मूसलाधार बारिश के कारण प्रशासन ने पांच जिलों के विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है।

इस बीच, 23 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया कम दबाव क्षेत्र बनने का अनुमान है, जिससे आने वाले दिनों में पूर्वोत्तर मानसून की बारिश और तेज होगी।

कल रात गरज-चमक के साथ शुरू हुई बारिश रुक-रुक कर तेज गति से जारी रही, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। बुधवार सुबह भी बारिश जारी रही। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि उत्तरी और दक्षिणी तटीय जिलों में बौछारें जारी रहेंगी। उत्तरी तटीय जिलों में दिन भर अधिक से बहुत अधिक बारिश होने के आसार है, जबकि कावेरी डेल्टा जिलों में भी तेज बारिश हो सकती है।

तमिलनाडु के कई अन्य जिलों में भी जबरदस्त बारिश हुई है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, सुबह 05:30 बजे तक यहां के उपनगरीय मीनांबक्कम वेधशाला में 12.3 सेमी और चेन्नई शहर की नुंगमबक्कम वेधशाला में 10.7 सेमी बारिश दर्ज की गई। ठंडी हवाओं और सुहावने मौसम के बीच रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

चेन्नई और पड़ोसी जिलों के कई हिस्सों से जलभराव की सूचना है। नगर निकाय कर्मचारियों ने हालांकि मुस्तैदी दिखाते हुए शहर के सभी भूमिगत मार्गों से पानी साफ कर दिया और यातायात सामान्य बनाए रखा।

इस बीच, राहत और बचाव कार्यों में जुटे वृहद चेन्नई नगर निगम के अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और कई इलाकों में जमा बारिश के पानी को पंप से बाहर निकालने के लिए कर्मचारियों को तैनात किया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं के साथ राहत केंद्र खोले गए हैं।

बारिश जारी रहने की आशंका के मद्देनजर पांच जिले चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू और रानीपेट के जिलाधिकारियों ने विद्यालयों में आज के लिए छुट्टी घोषित कर दी है।

बारिश की स्थिति की निगरानी के लिए तैनात मंत्री चेन्नई में अपने-अपने निर्धारित जोन और अन्य जिलों में राहत और बचाव कार्यों का जायजा ले रहे हैं।

मौसम की ताजा जानकारी देते हुए मौसम कार्यालय ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के ऊपर बना 'अच्छी तरह से चिह्नित कम दबाव का क्षेत्र' आज सुबह 05:30 बजे कमजोर होकर उसी क्षेत्र में 'कम दबाव क्षेत्र' में बदल गया। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और फिर 22 अक्तूबर को सोमालिया तट की ओर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ने का अनुमान है।

विभाग ने बताया कि 23 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्व और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया कम दबाव क्षेत्र बनने के आसार हैं।

थाईलैंड की खाड़ी और उससे सटे थाईलैंड और म्यांमार के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती कम दबाव का क्षेत्र उसी क्षेत्र में बना हुआ है और इसके आज उत्तरी अंडमान सागर में प्रवेश करने के आसार है। इसके बाद इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने के आसार हैं और इसके प्रभाव से शुक्रवार के आसपास दक्षिण-पूर्व एवं उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार हैं। फिर इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और अधिक तीव्र होने के आसार हैं।

इस बीच, निजी मौसम ब्लॉगरों के अनुसार, चेन्नई सहित उत्तरी एवं दक्षिणी तटीय जिलों में आज दिन भर रुक-रुक कर बारिश जारी रहेगी और दिन ढलने के साथ ही बारिश की तीव्रता बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि कावेरी डेल्टा जिलों में भी भारी बारिश होगी और यह दौर अगले तीन-चार दिनों तक जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित