चेन्नई , जून 19 -- सूचना और प्रसारण तथा संसदीय मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने शुक्रवार को कहा कि आने वाले वर्षों में चेन्नई-बेंगलुरु रूट पर बुलेट ट्रेन सेवा शुरू होने की संभावना है।
डॉ मुरूगल ने यहां एक प्रशिक्षण केन्द्र का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने कहा कि न केवल मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर पर, बल्कि चेन्नई-बेंगलुरु सहित अन्य प्रमुख रूटों पर भी बुलेट ट्रेन सेवा शुरू करने की योजना बनायी जा रही है , हालांकि उन्होंने इसके लिए कोई समय-सीमा नहीं बतायी। उन्होंने कहा कि मुंबई और अहमदाबाद के बीच देश का पहली बुलेट ट्रेन परियोजना अगले साल शुरू होने की उम्मीद है, जो भारत में हाई-स्पीड रेल विकास में एक बड़ी उपलब्धि होगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुलेट ट्रेन को बीईएमएल बेंगलुरु में तैयार किया जा रहा है और अगले साल आम जनता के लिए आधिकारिक तौर पर शुरू होने से पहले ट्रायल रन के लिए इसे जल्द ही गुजरात ले जाया जायेगा।
इस बीच केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि हैदराबाद को मुंबई/गोवा, बेंगलुरु और चेन्नई से जोड़ने वाले तीन प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर तेलंगाना के लिए 'गेम-चेंजर' साबित होंगे और राज्य के विकास को काफी बढ़ावा देंगे।
रंगा रेड्डी जिले के महेश्वरम निर्वाचन क्षेत्र के कंडुकुर मंडल के कई गांवों में सड़क निर्माण कार्यों की आधारशिला और लाेकार्पण के बाद श्री किशन रेड्डी ने अपने पैतृक गांव थिम्मापुर में श्री राम मंदिर में आयोजित 'सिल्वर जुबली ब्रह्मोत्सवम' में भाग लिया।
इस मौके पर उन्होंने मीडिया से कहा कि केंद्र सरकार ने देश भर में सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को मंजूरी दी है, जिनमें से तीन हैदराबाद को सेवा प्रदान करेंगे। इन परियोजनाओं की शुरुआती अनुमानित लागत लगभग 5 लाख करोड़ रुपये है, जो ज़मीन अधिग्रहण की लागत को मिलाकर लगभग 10 लाख करोड़ रुपये तक बढ़ सकती है। सर्वे का काम तेज़ी से चल रहा है और सर्वे पूरा होने के बाद डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएंगी, जिसके बाद टेंडर जारी किए जाएंगे और निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
श्री किशन रेड्डी ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार 87 करोड़ रुपये के परियोजनाओं के ज़रिए कंदुकुर मंडल और आस-पास के इलाकों में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बना रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कों, बिजली और पीने के पानी की सुविधाओं से हैदराबाद के आस-पास तेज़ी से शहरी बन रहे इलाकों में विकास तेज़ी से होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित