श्रीगंगानगर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान में चुरू जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में राजगढ़-तारानगर राज्य राजमार्ग पर गांव ददरेवा के पास शनिवार सुबह एक कार के ट्रक ट्रेलर के पीछे से टकराने की घटना में कार सवार छह लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में तीन महिलायें और एक चार महीने का बच्चा शामिल है। इनमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो घायलों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक राजेश सिहाग ने बताया कि मृतकों में चालक मांगीलाल नाई (31), भंवरलाल शर्मा (62), उनकी पत्नी महेंद्रदेवी (59), कविता (28), यशोदा (34) चार महीने का कन्हैया शामिल हैं। ये सभी सोमसीसर, थाना साहवा, जिला चुरू के निवासी बताए गए हैं। हादसे में नौ महीने की बेटी दिव्यांशी गंभीर रूप से घायल हुई है। उसकी हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
उन्होंने बताया कि भंवरलाल शर्मा अपनी पत्नी और परिवार के सदस्यों के साथ ही गांव से रवाना हुए थे। वह हरियाणा के गुरुग्राम में किसी धार्मिक स्थल पर जा रहे थे। सुबह करीब सात बजे राजगढ़-तारानगर मार्ग पर गांव ददरेवा के नजदीक कार आगे जा रहे ट्रक ट्रेलर में पीछे से टकरा गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद सभी शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए। इस हादसे के चलते राजगढ़-तारानगर राजकीय राजमार्ग पर गांव ददरेवा और न्यांगली के बीच काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित