श्रीगंगानगर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान में चुरू जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक कार के ट्रक ट्रेलर के पीछे टकराने से तीन महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई जबकि एक बालक घायल हो गया।
थाना प्रभारी राजेश सिहाग ने बताया कि यह दुर्घटना आज सुबह करीब सात बजे राजगढ़-तारानगर मार्ग पर गांव ददरेवा के नजदीक हुई जब एक तेज रफ्तार कार आगे जा रहे ट्रक ट्रेलर में पीछे से टकरा गई।
उन्होंने बताया कि टक्कर से कार में सवार चार व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में एक बच्चा घायल हुआ है। उसकी भी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित आलाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक सभी मृतक साहवा थाना क्षेत्र के गांव सोमीसर के निवासी बताए जा रहे हैं। अभी उनकी पूर्ण रूप से पहचान नहीं हुई है। हादसे की शिकार हुए लोगों के परिवारजन, रिश्तेदार और अन्य ग्रामीण राजगढ़ सरकारी अस्पताल पहुंचे हैं। वहां सभी की पहचान की जा रही है। विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित