कोलकाता , अप्रैल 11 -- चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में पुलिस व्यवस्था के भीतर फिर एक बार प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई पुलिस अधिकारियों के तबादले किये हैं।
यह कदम 23 और 29 अप्रैल को होने वाले दो चरणों के विधानसभा चुनावों से कुछ ही दिन पहले स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के आयोग के प्रयासों का हिस्सा है।
आयोग ने शनिवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और राज्य पुलिस सेवा (डब्ल्यूबीपीएस) स्तर के लगभग एक दर्जन अधिकारियों के तबादले के निर्देश जारी किए। इन बदलावों का असर कोलकाता पुलिस और कई अन्य जिलों पर पड़ेगा।
अधिसूचना के अनुसार कोलकाता पुलिस में संयुक्त आयुक्त स्तर पर कुछ महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं।
अपराध जांच विभाग (सीआईडी) की पुलिस महानिदेशक (डीआईजी) सोमा दास मित्रा को संयुक्त आयुक्त (अपराध) बनाया गया है, जबकि श्री सुदीप सरकार को संयुक्त आयुक्त (मुख्यालय) और सुश्री देबस्मिता दास को संयुक्त आयुक्त (खुफिया) नियुक्त किया गया है।
आयोग ने उपायुक्त स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं।
श्री वीएसआर अनंतनाग को उपायुक्त (दक्षिण) के रूप में तैनात किया गया है, जबकि श्री प्रदीप कुमार यादव को उपायुक्त (उत्तर) के रूप में तैनात किया गया है।
श्री सैकत घोष को भांगर डिवीजन से हटाकर उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) का कार्यभार सौंपा गया है, जबकि श्री प्रशांत चौधरी को उपायुक्त (पूर्व) और मनीष जोशी को उपायुक्त (भांगर) नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि आयोग ने कोलकाता के अलावा विभिन्न पुलिस आयुक्त कार्यालय और जिलों में भी बदलाव किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित