पटना , मई 02 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में भारी बढ़ोतरी पर कड़ा विरोध जताते हुए इसे आम जनता पर बोझ डालने वाला फैसला बताया और इसके खिलाफ चरणबद्ध तरीके से संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया है।
भाकपा की बिहार राज्य कार्यकारिणी और जिला सचिवों की संयुक्त बैठक शनिवार को यहां आयोजित हुई। बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात की समीक्षा करते हुए राज्य में बढ़ते अपराध, गिरती कानून-व्यवस्था, महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ बढ़ती घटनाओं, पुलिस अत्याचार, बुलडोजर कार्रवाई और महंगाई पर गहरी चिंता जताई गई।बैठक की अध्यक्षता अवधेश कुमार राय ने की जबकि एजेंडा राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने पेश किया।
भाकपा के राज्य सचिव श्री पाण्डेय ने बताया कि बैठक में केंद्र और राज्य की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए उनके खिलाफ चरणबद्ध तरीके से संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया गया है। पार्टी ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी की कड़ी निंदा की है। इस बढ़ोतरी के बाद एक सिलेंडर की कीमत 3100 रुपये से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि ईंधन कीमतों में लगातार वृद्धि से देशभर के होटल, ढाबे, हॉस्टल, पीजी और छोटे व्यवसाय सीधे प्रभावित होंगे, जिससे खाने-पीने की वस्तुओं के दाम बढ़ेंगे और आम लोगों का खर्च और बढ़ेगा।
श्री पाण्डेय ने पांच राज्यों में मतदान समाप्त होने के ठीक एक दिन बाद एलपीजी और अन्य ईंधनों की कीमतों में हुई बढ़ोतरी पर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोगों की आजीविका की बजाय केवल चुनावी लाभ पर ध्यान केंद्रित कर रही है।उन्होंने इस फैसले को "घोर अन्याय" करार देते हुए इसे वापस लेने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि सरकार ने निर्णय वापस नहीं लिया तो व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित