चंडीगढ़ , मई 05 -- हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग चुनावों की सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध निगरानी सुनिश्चित करने के लिए 'पोल-डैशबोर्ड' पोर्टल और संबंधित मोबाइल एप्लिकेशन के प्रभावी उपयोग पर जोर दे रहा है। इसी क्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक बैठक आयोजित की गयी, जिसमें विभिन्न जिलों के रिटर्निंग अधिकारी और सहायक रिटर्निंग अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में आयोग के सचिव गौरव कुमार ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्रों से संबंधित जानकारी समय पर पोल-डैशबोर्ड पोर्टल पर अपडेट करें। साथ ही, मोबाइल एप के माध्यम से रियल-टाइम डेटा अपडेट करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के नाम और मोबाइल नंबर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज किये जायें।
उन्होंने बताया कि यह पोर्टल चुनाव पूर्व और मतदान दिवस की गतिविधियों, जैसे पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतदान केंद्रों तक पहुंच, मॉक पोल, मतदान शुरू होने का समय और मतदान प्रतिशत की निगरानी में अहम भूमिका निभाएगा।
बैठक में यह भी निर्देश दिये गये कि मतदान दिवस पर सभी गतिविधियों की अपडेटिंग समयबद्ध तरीके सेकी जाये। मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम मशीनों को नियमानुसार सील कर सुरक्षित जमा करवाया जायेऔर काउंटिंग के समय सभी आवश्यक दस्तावेज निर्धारित समय पर प्रस्तुत किये जायें।
इसके अलावा, शाम छह बजे के बाद मतदान केंद्रों पर मौजूद मतदाताओं से संबंधित प्रक्रिया का पालन करते हुए जानकारी अपडेट करने और मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद समय पर 'पोल क्लोज' सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गये।
बैठक के दौरान जिलों के अधिकारियों से फीडबैक लिया गया और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही, मतदाता पर्चियों के वितरण की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि सभी मतदाताओं तक पर्चियां समय पर पहुंचें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित