लखनऊ , जून 13 -- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। पार्टी अपने मजबूत क्षेत्र अयोध्या और अकबरपुर से चुनावी अभियान की शुरुआत करने जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक बसपा 22 और 23 जून को इन दोनों जिलों में बड़ी जनसभाएं आयोजित करेगी। पार्टी की योजना के अनुसार 22 जून को अयोध्या और 23 जून को अकबरपुर में जनसभा होगी। दोनों सभाओं को प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। इन सभाओं का कार्यक्रम अंतिम रूप से तय कर लिया गया है।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि दोनों कार्यक्रमों में वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। जिन नेताओं को सीटों का प्रभार दिया गया है, उन्हें मंच से उम्मीदवार के रूप में बोलने का मौका मिलेगा। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता को प्रत्याशियों की सीधी पहचान मिल सकेगी। बसपा इन जनसभाओं के दौरान कुछ नेताओं को अन्य दलों से अपने पाले में लाने की तैयारी भी कर रही है। सूत्रों के मुताबिक मंच से पार्टी में नए प्रवेश का कार्यक्रम भी रखा गया है, ताकि चुनाव से पहले संगठन को मजबूती मिले।

प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल की अयोध्या और अकबरपुर में अच्छी पकड़ मानी जाती है। पिछले कुछ महीनों में बसपा ने इन जिलों में कई बड़े कार्यक्रम किए हैं, जिनमें हजारों लोगों को पार्टी से जोड़ा गया है। पार्टी नेताओं का मानना है कि इन इलाकों से अभियान शुरू करने से कार्यकर्ताओं में जोश आएगा और बूथ स्तर तक संदेश पहुंचेगा। बसपा का यह कदम ऐसे समय में आया है जब प्रदेश में सभी प्रमुख दल चुनावी मोड में आ गए हैं।

अयोध्या और अकबरपुर से अभियान शुरू कर पार्टी दलितों के साथ-साथ अन्य पिछड़े और सामान्य वर्ग के वोटरों को भी जोड़ने की कोशिश करेगी। 22-23 जून की सभाओं को बीएसपी के चुनावी रथ के लांच पैड के रूप में देखा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित