पटना , जुलाई 21 -- बिहार भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पटना में निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मुलाकात कर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर की ओर से कथित रूप से चुनावी खर्च की निर्धारित सीमा का उल्लंघन करने, फर्जी कंपनियों के माध्यम से धन खर्च करने तथा सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट और बॉट नेटवर्क के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने के संबंध में एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश तिवारी, विधायक जीवेश मिश्रा, विधान परिषद में मुख्य सचेतक जनक राम, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल तथा चुनाव आयोग सेल के संयोजक राकेश ठाकुर शामिल थे।
चुनाव आयोग से मुलाकात के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को चुनाव लड़ने का अधिकार है, लेकिन चुनाव आयोग के निर्धारित नियमों का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने चुनावी खर्च की 40 लाख रुपये की सीमा को पार करते हुए करोड़ों रुपये खर्च किए हैं और इस संबंध में भाजपा ने चुनाव आयोग को दस्तावेजी साक्ष्य उपलब्ध कराए हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री हुसैन ने आरोप लगाया कि चुनावी खर्च को छिपाने के लिए अलग-अलग कंपनियों के माध्यम से सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर प्रचार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर इन्फ्लुएंसर्स को भुगतान किया जा रहा है तथा कृत्रिम माहौल तैयार करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि सिंपल सेंस एनालिटिक्स प्राइवेट लिमिटेड और न्यूज लाइटहाउस एलएलपी जैसी कंपनियों के जरिए चुनाव प्रचार संचालित किया जा रहा है, जबकि इन कंपनियों का संबंध प्रशांत किशोर से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से भी धन के स्रोत की जांच कराने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित