कोलकाता , मई 01 -- चुनाव आयोग ने शुक्रवार को ऐलान किया कि पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के 15 मतदान केंद्रों पर 2 मई को दोबारा मतदान कराया जायेगा।

आयोग ने दक्षिण 24 परगना जिले के इन दोनों क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों द्वारा सौंपी गई रिपोर्टों की समीक्षा करने के बाद राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल को यह निर्देश जारी किया।

राज्य विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को इन दोनों क्षेत्रों में मतदान हुये थे। आयोग ने मगराहाट पश्चिम के 11 और डायमंड हार्बर क्षेत्र के 4 मतदान केंद्रों पर हुये मतदान को 'अमान्य' घोषित कर दिया और कहा कि शनिवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक दोबारा मतदान होगा।

चुनाव आयोग द्वारा दोबारा मतदान कराने का यह फैसला अलग-अलग राजनीतिक दलों, खासकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मिली कई शिकायतों के बाद लिया गया है।

इन शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि 29 अप्रैल को मतदान के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के साथ छेड़छाड़ की गयी थी। इसके लिए स्टिकर, स्याही और चिपकाने वाले पदार्थों का इस्तेमाल करके उनके उम्मीदवार और चुनाव चिह्न वाले बटन को ढक दिया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित