नयी दिल्ली/चेन्नई , अप्रैल 02 -- चुनाव आयोग ने गुरुवार को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के बाद राज्य में व्यापक पैमाने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले और नयी नियुक्तियां करने के निर्देश जारी किए।
आयोग की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार तमिलनाडु में तत्काल प्रभाव से राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और पुलिस बल के प्रमुख के तौर पर आईपीएस डॉ. संदीप राय राठौड़ को नियुक्त करने का आदेश दिया है।
आयोग ने इसके अलावा कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इनमें संजय कुमार (आईपीएस 1997) को तांबरम जिले का पुलिस आयुक्त, अभिषेक दीक्षित (आईपीएस 2006) को मदुरै का पुलिस आयुक्त और आर. वी. रम्या भारती (आईपीएस 2008) को पश्चिमी जोन का आईजीपी नियुक्त किया है।
आयोग ने प्रशासनिक स्तर पर भी बदलाव करते हुए डॉ. ए. अरुण थम्बुराज (आईएएस 2013) को सलेम जिले का जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ)/कलेक्टर और विषु महाजन (आईएएस 2016) को तूतीकोरिन जिले का डीईओ/कलेक्टर बनाया है।
आयोग ने निर्देश दिया है कि इन सभी नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए और संबंधित अधिकारियों के जॉइनिंग की अनुपालन रिपोर्ट 3 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे तक भेजी जाए।
आयोग ने साथ ही स्पष्ट किया गया है कि जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उन्हें चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी चुनाव संबंधी पद पर तैनात नहीं किया जाएगा। चुनाव आयोग के इस फैसले को निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित