पटना , सितंबर 25 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने शुक्रवार को संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के नाम पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किया और उनका पुतला दहन किया।

राजद नेताओं ने इस दौरान पार्टी की ओर से बिहार, पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों को रद्द कर पुनः चुनाव कराने की मांग की।

पटना में जिला राजद की ओर से इनकम टैक्स गोलंबर पर पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका नेतृत्व पटना जिला राजद अध्यक्ष दीनानाथ सिंह यादव ने किया। कार्यक्रम में राजद के सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

राजद के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के निर्देश और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के आह्वान पर पूरे बिहार में जिला मुख्यालयों पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन संविधान और लोकतंत्र की रक्षा तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर किया गया है।

पटना में राजद कार्यकर्ता आज प्रदेश कार्यालय से जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए वीरचंद पटेल पथ से इनकम टैक्स गोलंबर पहुंचे, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित