नयी दिल्ली , सितंबर 25 -- केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगी चिराग पासवान ने शुक्रवार को कहा कि चुनाव आयोग, विशेष रूप से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को चुनावी प्रक्रिया पर विपक्ष के उठाए सवालों का मजबूती से जवाब देना चाहिए, ताकि चुनाव प्रणाली में जनता का विश्वास प्रभावित न हो।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता श्री पासवान की यह टिप्पणी कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उस संवाददाता सम्मेलन के बाद आई है, जिसमें श्री गांधी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मोदी सरकार की आलोचना और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की थी।

श्री पासवान ने कहा, "अगर चुनाव आयोग पर इस तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं, तो मेरा मानना है कि यह चुनाव आयोग और खास तौर पर मुख्य चुनाव आयुक्त की जिम्मेदारी है कि वे अपनी बात मजबूती से सामने रखें।" उनके इस बयान के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के भीतर मतभेदों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित