बड़वानी , अक्टूबर 11 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार चुनावी हार के लिए ईवीएम और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को जिम्मेदार ठहराने के बजाय कांग्रेस को अपने नेतृत्व की कमियों पर विचार करना चाहिए।
बड़वानी में पत्रकारों से चर्चा के दौरान श्री खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस पहले ईवीएम पर आरोप लगाती थी और अब मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का उद्देश्य विदेशी नागरिकों, मृत व्यक्तियों और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों को हटाना है। उन्होंने दावा किया कि ऐसी प्रक्रिया पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के समय भी अपनाई गई थी और केरल में इससे कांग्रेस को सत्ता में आने में मदद मिली।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ कम दिखाई देने के सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह संगठन के नेता हैं और उनका काम कार्यकर्ताओं को प्रेरित करना है, जबकि मुख्यमंत्री जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करते हैं।
आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा की स्थिति पर उन्होंने कहा कि कुछ कमियां हो सकती हैं, लेकिन शिक्षा का अधिकार लागू होने के बाद स्कूलों और विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रयास कर रही है। बिजली संकट पर उन्होंने कम बारिश से जलविद्युत और ताप विद्युत संयंत्रों पर असर पड़ने की बात कही और दावा किया कि अगले आठ से दस दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी।
संगठन की बैठक में श्री खंडेलवाल ने कांग्रेस शासनकाल की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा विकास दर बनी रहने पर वर्ष 2060 तक भारत चीन और यूरोपीय देशों से आगे निकल सकता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान मेडिकल कॉलेजों और चिकित्सा शिक्षा की सीटों की संख्या बढ़ी है। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 50 मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की है, जिससे आने वाले वर्षों में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में पद और सत्ता स्थायी नहीं हैं, जबकि कार्यकर्ता और विचारधारा हमेशा बने रहते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित