हनमकोंडा , जून 16 -- ) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के तेलंगाना प्रदेश सचिव और कोठागुडेम के विधायक कूनमनेनी सांबशिव राव ने मंगलवार को चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस सरकार विधानसभा चुनावों के दौरान किए गए वादों, विशेष रूप से गरीबों के लिए आवास और भूमि अधिकारों से जुड़े आश्वासनों को पूरा करने में विफल रही, तो उसे जनता के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।

भाकपा के राज्य सहायक सचिव तक्कल्लापल्ली श्रीनिवास राव के साथ यहां के गुंडलासिंगाराम भूमि संघर्ष केंद्र पर 'सुरवरम सुधाकर रेड्डी नगर' नामक भाकपा कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद श्री कूनमनेनी ने यह बात कही।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सभी पात्र गरीब परिवारों को 'इंदिरम्मा आवास' देने और सरकारी जमीनों पर रह रहे लोगों को जीओ 58 के तहत भूमि पट्टे देने का वादा किया था, लेकिन इन आश्वासनों को अभी तक अमलीजामा नहीं पहनाया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में आज भी लाखों गरीब परिवार बेघर हैं और यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजादी के 75 साल बाद भी गरीबों के जीवन स्तर में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने मांग की कि भाकपा के नेतृत्व वाले संघर्षों के जरिए हासिल की गई जमीनों पर झोपड़ियों में रह रहे परिवारों को सरकार तुरंत पट्टे जारी किये जायें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित