वाराणसी , अक्टूबर 15 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर काशी एवं गोरक्ष क्षेत्र के दो दिवसीय विस्तारक प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया। प्रशिक्षण के दौरान चुनावी रणनीति, सामाजिक एवं राजनीतिक समीकरणों, जनसंपर्क और बूथ प्रबंधन पर चर्चा की गई।

प्रशिक्षण सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल ने 'उत्तर प्रदेश में चुनाव की दृष्टि से सामाजिक एवं राजनीतिक परिस्थितियां' विषय पर कहा कि संगठन की प्रभावशीलता के लिए स्थानीय समस्याओं, जनभावनाओं और सामाजिक अपेक्षाओं की समझ जरूरी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के आरोपों और कथित भ्रामक प्रचार का जवाब तथ्यों तथा सरकार के कार्यों के आधार पर जनता के बीच दिया जाना चाहिए।

पटेल ने पीडीए की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए विपक्ष की सामाजिक रणनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से परंपरागत समर्थकों के साथ संपर्क मजबूत करने और नए सामाजिक वर्गों तक पहुंच बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, व्यापारियों की सुरक्षा और सुशासन से जुड़े मुद्दों को भी जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।

प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने 'संगठन संरचना एवं बूथ कार्य' विषय पर कहा कि चुनावी सफलता के लिए रणनीति के प्रभावी क्रियान्वयन, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और निरंतर जनसंपर्क की आवश्यकता है। उन्होंने बूथ समितियों की सक्रियता, नियमित बैठकों, मतदाता संपर्क और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर ध्यान देने को कहा।

क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि विस्तारक संगठन और समाज के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। उन्हें स्थानीय परिस्थितियों और जनभावनाओं को समझकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। प्रशिक्षण वर्ग में काशी एवं गोरखपुर क्षेत्र के विस्तारकों, विधानसभा प्रभारियों और विधानसभा पालकों ने भाग लिया। इस दौरान क्षेत्रवार सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक कार्यपद्धति और चुनावी तैयारियों पर भी चर्चा हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित