पौड़ी , अगस्त 25 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल जिले के चुठाणी-बूंखाल मोटर मार्ग पर छह अगस्त को हुए सड़क हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश मंगलवार को जिला मजिस्ट्रेट गढ़वाल स्वाति एस. भदौरिया ने दिये। दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष जांच के लिए उपजिलाधिकारी पौड़ी/चाकीसैंण को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें 15 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छह अगस्त को तड़के करीब 4:30 बजे तहसील चाकीसैंण क्षेत्र के चुठाणी-बूंखाल मोटर मार्ग पर एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में वाहन चालक विनोद गोदियाल (निवासी ग्राम कोठी, पट्टी कण्डारस्यूं-02, तहसील चाकीसैंण) की मृत्यु हो गई थी।
प्रशासन ने हादसे के कारणों और परिस्थितियों की गहनता से जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं। जांच अधिकारी को निर्धारित समय सीमा में रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास दुर्घटना से संबंधित कोई महत्वपूर्ण जानकारी अथवा साक्ष्य है, तो वह विज्ञप्ति प्रकाशित होने के एक सप्ताह के भीतर किसी भी कार्यदिवस में जांच अधिकारी के कार्यालय में अपना लिखित अथवा मौखिक बयान दर्ज करा सकता है। प्रशासन का कहना है कि उपलब्ध जानकारी और साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के कारणों की निष्पक्षता से पड़ताल की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित