पिथौरागढ़ , मार्च 13 -- चीन सीमा से जुड़े उत्तराखंड के पवर्तीय जिला पिथौरागढ़ में ऊन आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने की पहल की गई है। शुक्रवार को जिला उद्योग मित्र की बैठक में इस संबंध में कई अहम निर्णय लिये गये।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में आज हुई जिला उद्योग मित्र की बैठक में ऊन आधारित उद्योगों के विकास, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने तथा औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र कविता भगत ने बताया कि धारचूला में कार्डिंग प्लांट स्थापित करने का प्रस्ताव है। इसके तहत पुरानी बिल्डिंग और पुरानी कार्डिंग मशीन को हटाकर नई बिल्डिंग तथा नई कार्डिंग मशीन स्थापित की जाएगी।
इसके लिए ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा लगभग 1.43 करोड़ रुपये की लागत से पांच यूनिटों के निर्माण का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है।
समिति के सदस्यों ने सुझाव दिया कि प्रस्तावित परिसर का उपयोग ऊन प्रसंस्करण और ऊन आधारित लघु उद्योगों के विकास के लिए किया जाए, जिससे सीमांत क्षेत्र के लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिल सकें और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में यह भी तय किया गया कि कार्डिंग प्लांट और उससे संबंधित भवनों के प्रभावी उपयोग के लिए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
बैठक के दौरान वर्ष 2025-26 के लिए उद्योग, हस्तशिल्प और हथकरघा क्षेत्र के उत्पादों की जिलास्तरीय प्रविष्टियों का भी मूल्यांकन किया गया। गुणवत्ता, उपयोगिता और बाजार संभावनाओं के आधार पर विभिन्न उत्पादों का चयन किया गया।
हथकरघा क्षेत्र में मुनस्यारी की जानकी बुग्याल द्वारा निर्मित स्टोल को प्रथम स्थान मिला, जबकि डीडीहाट की नन्दा देवी द्वारा निर्मित शॉल और स्टाल को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। हस्तशिल्प क्षेत्र में चमुण्डारी के ललित प्रसाद के उत्पाद को प्रथम तथा भीनतोड़ा के प्रेम राम द्वारा निर्मित डोका, डाला, सूपा, टोकरी और धारचूला की द्रोपदी गर्ब्याल द्वारा निर्मित दन को द्वितीय स्थान दिया गया।
सूक्ष्म लघु उद्योग के क्षेत्र में पिथौरागढ़ के विनोद कार्की की ग्रीन टी और ब्लैक टी को प्रथम स्थान मिला जबकि कनालीछीना की रमा मुरारी द्वारा निर्मित बोतलबंद पेयजल को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित