चंडीगढ़ , फरवरी 14 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि असम के डिब्रूगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हाईवे पर विमान उतरना देश के लिए गर्व का क्षण है।
श्री विज ने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि पहले की सरकारें पूर्वोत्तर में चीन की वजह से जाने से डरती थीं और उस क्षेत्र की अनदेखी की गई जबकि मौजूदा सरकार ने वहां तेज़ी से विकास कार्य कराए हैं।
उन्होंने कहा कि सड़कों का ऐसा विकास हुआ है कि अब हाईवे पर विमान उतर सकता है जिसे पूरी दुनिया ने देखा। श्री विज ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है।
उन्होंने बताया कि भारतीय वायुसेना के लिए 114 राफेल जेट खरीदे जाने की प्रक्रिया से देश की हवाई ताकत और बढ़ेगी। सरकार लगातार सेनाओं को आधुनिक हथियारों से सुसज्जित कर रही है और भारत रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनते हुए निर्यात भी कर रहा है।
श्री विज ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उसे रामलीला पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कार्यकर्ता नहीं बचे इसलिए उसके नेता कभी किसान कभी मजदूर और कभी व्यापारी के रूप में सामने आते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सदन में चर्चा करने के बजाय कार्यवाही बाधित करने की मंशा से आता है। उनके अनुसार लोकसभा में 140 करोड़ लोगों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन विपक्ष हंगामा कर उसे प्रभावित करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित