इस्लामाबाद , अप्रैल 23 -- पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने चीन के अंतरिक्ष मिशन के लिए चयनित पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्रियों खुर्रम दाऊद और मोहम्मद ज़ीशान अली से गुरुवार को मुलाकात की और उनके प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर पाकिस्तान की अंतरिक्ष एजेंसी सुपारको की अंतरिक्ष यात्री आताशी हस्नान इफ्तिखार भी उपस्थित थीं।

बैठक में पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार, योजना मंत्री एहसान इक़बाल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अत्ताउल्लाह तरार, विशेष सहायक सैयद तारिक फ़ातिमी, विदेश सचिव अमना बलोच, सुपारको अध्यक्ष मोहम्मद यूसुफ़ ख़ान तथा पाकिस्तान में चीन के राजदूत जियांग ज़ैडोंग भी शामिल हुए।

श्री शरीफ ने अंतरिक्ष यात्रियों से कहा कि उनसे मिलना उनके लिए गर्व का विषय है और यह मिशन पाकिस्तान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगा। उन्होंने कहा कि दोनों युवा अंतरिक्ष यात्री अपने परिश्रम के बल पर इस मुकाम तक पहुंचे हैं और उनका यह प्रयास देश के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा।

उन्होंने कहा कि चीन के सहयोग से यह मिशन दोनों देशों के भाईचारे के संबंधों को और सुदृढ़ करेगा।

श्री शरीफ ने चीनी राजदूत के साथ बातचीत में कहा कि अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में पाकिस्तान और चीन की मित्रता नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है। राजदूत ने भी दोनों देशों के बीच सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।

अंतरिक्ष यात्रियों ने कहा कि अंतरिक्ष में अनुसंधान कार्य करना उनके लिए सम्मान और गर्व की बात है और वे देश की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित