बीजिंग , जुलाई 10 -- चीन के जिंजियांग शहर में एक जूता कारखाने में भीषण आग लगने से कम से कम 28 लोगों की मौत हो गयी।
यह विनाशकारी आग गुरुवार को 'हुइतेंग फुटवियर' कारखाने में लगी। स्थानीय मीडिया के अनुसार, जब आग भड़की तब कारखाने के भीतर लगभग 240 लोग मौजूद थे। सूचना मिलते ही 500 से अधिक राहत एवं बचाव कर्मियों को तैनात कर बचाव कार्य चलाया गया।
कारखाने से सुरक्षित बाहर निकाले गए 213 लोगों में से दो की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि शुरुआत में लापता बताए गए 26 अन्य लोग कारखाने के भीतर मृत पाए गए।
प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि आग कारखाने के भूतल से शुरू हुई थी, जहां भारी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने कारखाने के मालिकों के लिए काम करने वाले कई लोगों को हिरासत में ले लिया है और कंपनी के बैंक खातों से लेन-देन पर रोक लगा दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित