नयी दिल्ली , अगस्त 22 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि उसकी नीतियों के कारण त्योहारों से पहले चीनी की मिठास में कड़वाहट घुल गई है।

श्री खरगे ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर सरकार से तीन सवाल पूछते हुए कहा कि दुनिया के बड़े चीनी उत्पादक और निर्यातक भारत में आज चीनी का भंडार नौ साल के निचले स्तर पर क्यों है और अब स्थिति चीनी का निर्यात रोकने तथा 10 लाख टन चीनी को शुल्क-मुक्त आयात करने तक किस कारण से पहुंची है।

उन्होंने कहा कि तीन महीने में चीनी करीब 40 प्रतिशत महंगी हो गई है। त्योहारों से पहले जनता पर पड़ी महंगाई की इस मार का जिम्मेदार कौन है। जब देश में चीनी की कमी है और सरकार विदेश से चीनी मंगा रही है तो गन्ने और अनाज को ई-20 के लिए एथनॉल बनाने में झोंकने की नीति की समीक्षा क्यों नहीं की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित