पौड़ी , अगस्त 27 -- उत्तराखंड में पौडी गढवाल जिले के बाजार में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने गुरुवार को जिलेभर में व्यापक अभियान चलाया।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की 13 टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में थोक एवं फुटकर विक्रेताओं, मिष्ठान भंडारों और अन्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
विभागीय टीमों ने कोटद्वार, पौड़ी, श्रीनगर, लैंसडाउन, बीरोंखाल, दुगड्डा, यमकेश्वर, सतपुली, पाबौ, ऊफरैंखाल, जडाऊखांद और चाकीसैंण सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर चीनी के स्टॉक की जांच की। इस दौरान दुकानों में उपलब्ध चीनी की मात्रा, अभिलेखों में दर्ज स्टॉक और माह के दौरान हुई बिक्री का मिलान किया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि व्यापारियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित मात्रा में ही चीनी का स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट हिदायत दी गई कि चीनी का अवैध भंडारण अथवा जमाखोरी किसी भी स्थिति में न की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित