बारां , फरवरी 20 -- मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान सीमा से राजस्थान के बारां जिले की सीमा के रामगढ़, असनावर, घोरिया में विचरण कर रहे चीता केपी- 2 ने गुरुवार को एक बकरे का शिकार किया।

बारां के उप वन संरक्षक वी. मनिकराव बड़े ने शुक्रवार को बताया कि चीता ने पिछले सप्ताह नीलगाय का शिकार किया था।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक केपी-2 चीते ने रामगढ़ के ही जंगल में विचरते हुए पार्वती नदी को पार किया, फिर असनावर, घोरिया के जंगलों की तरफ बढ़ गया। कूनो और बारां का विभागीय दल उसकी निगरानी कर रहा है।

श्री बड़े ने बताया कि केपी -2 चीते को बारां जिले के रामगढ़, असनावर, घोरिया और रामपुर टोंड़िया क्षेत्र के आसपास कुछ किलोमीटर के दायरे में घूमते हुए देखा जा रहा है। वहां उसने एक बकरे का शिकार भी किया है।

इससे पहले चीता केपी-2 रामगढ़ क्षेत्र में पहले एक पखवाड़े से अधिक तक बसेरा किये था। बाद में कूनो का दल उसे बेहोश करके वापस ले गया था।

माना जा रहा है कि बार-बार केपी-2 का कूनो से निकल कर बारां जिले के रामगढ़ क्षेत्र में आने का कारण यहां का अनुकूल वातावरण, जल स्रोत और सहज शिकार मिल जाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित