सहारनपुर , अक्टूबर 07 -- केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास पासवान) की युवा इकाई के राष्ट्रीय महासचिव और पैरा वालीबाल फेडरेशन आफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवबंद निवासी युवा राघवदास अग्रवाल ने आज बताया कि पार्टी चिराग पासवान के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में अपने प्रभाव वाली सीटों पर चुनाव लड़ेगी और पूरे प्रदेश में भाजपा उम्मीदवारों का समर्थन और प्रचार करेगी।
उन्होंने कहा कि सहारनपुर में पार्टी ने सहारनपुर देहात और देवबंद सीटों का चयन किया है। जहां पार्टी स्थानीय युवाओं के कल्याण, ग्रामीण विकास, रोजगार, चिकित्सा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के मुद्दे पर अपनी तैयारी कर रही है। पार्टी चुनाव लड़ने वाले अपने क्षेत्रों में विकास यात्रा शुरू कर रही है। उन्होंनेे खुद देवबंद क्षेत्र के पहले दिन करणजाली, रास्तम-बास्तम, हुलासगढ़ में पदयात्रा निकाली और ग्रामीणों से संपर्क साधा।
श्री अग्रवाल ने कहा कि चिराग पासवान ने सहारनपुर में अपने मंत्रालय की ओर से फूड पार्क स्थापित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि गांवों में उनकी पार्टी युवाओं के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाएगी। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान ने बिहार में युवाओं के कल्याण के लिए युवा आयोग का गठन कराया है। उत्तर प्रदेश में भी युवा आयोग का गठन कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि देवबंद में उन्होंने डा. भीमराव अंबेडकर मेडिकल कालेज और अस्पताल की स्थापना की है जिसका इसी माह लोकार्पण करने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान देवबंद आएंगे। उन्होंने अपने कालेज और अस्पताल की ओर से एक विश्वास कार्ड जारी किया है जो लोगों को यात्रा के दौरान दिया जा रहा है। कार्डधारक को उनके कालेज और अस्पताल में फ्री एंबूलेंस सेवा और चिकित्सकीय सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। उनके अस्पताल में आईसीयू, वेंटीलेटर, केंसर, ह्दय रोग जैसे उपचार की उच्च स्तरीय सुविधा रहेगी और 24 घंटे सेवाएं दी जाएगी। 12वीं पास छात्रों को तकनीकी और प्रशासनिक सेवाओं की प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग व्यवस्था की है।
लाेजपा नेता ने बताया कि पार्टी ने देवबंद विधानसभा क्षेत्र के 167 गांवों में स्थानीय इकाइयां और बूथ कमेटियां गठित कर दी हैं। उनकी पदयात्रा दो महीने के भीतर सभी गांवों में संपर्क कर उनकी समस्याएं जानने का काम करेगी। उन्हें यात्रा के दौरान गांवों में सभी युवा वर्ग का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में युवा उनसे जुड़ रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित