चित्रकूट , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश के पौराणिक तीर्थ स्थल चित्रकूट की महत्पूर्ण ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहर सोमनाथ मन्दिर (चर) के वृहद अनुरक्षण कार्य की योजना स्वीकृत हुई है। जिलाधिकारी चित्रकूट पुलकित गर्ग ने बताया उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्त्व विभाग द्वारा संरक्षित स्मारक सोमनाथ मन्दिर के वृहद जीर्णोद्धार कार्य के प्रथम चरण में रुपया 50 लाख की धनराशि की स्वीकृत हुई है। इसके अंतर्गत मन्दिर परिसर की वैज्ञानिक तरीके से सफाई खुदाई कर दबे पड़े अवशेषों की खोज तदोपरांत उनकी वृहद साफ सफाई तथा अभिलेखीकरण का कार्य प्रस्तावित हैं।

अगले चरण में मंदिर के व्यापक जीर्णोद्धार का कार्य और स्थलीय विकास भी कराया जाएगा। चित्रकूट का यह अति महत्वपूर्ण मंदिर चन्देल कालीन लगभग 10-12 वीं सदी ईस्वी के बीच निर्मित है। गुजरात के सोमनाथ मंदिर की शैली में निर्मित होने के कारण भगवान शिव को समर्पित यह मंदिर सोमनाथ मन्दिर के नाम से विख्यात है। मंदिर परिसर में अनेक लघु देवालयों के भी अवशेष विद्यमान हैं ।

गर्ग ने मन्दिर के वृहद जीर्णोद्धार हेतु मन्दिर से संबंधित भूभाग के पैमाइश और सीमांकन हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया साथ ही गुणवत्ता पूर्ण कार्य तथा स्थलीय विकास कार्य के लिए भी योजना बनाने का निर्देश दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित