कानपुर , सितंबर 12 -- चित्रकूट में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता एवं सेवा के उद्देश्य से विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) कानपुर उत्तर द्वारा आवश्यक राहत सामग्री एकत्रित कर चित्रकूट के लिए प्रेषित की गई।

राहत सामग्री से भरे वाहन को प्रांत अध्यक्ष राजीव महाना प्रांत कार्याध्यक्ष डॉ. उमेश पालीवाल, विभागाध्यक्ष नरेश माहेश्वरी, प्रांत कोषाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष एस.के. गुप्ता तथा विभाग संगठन मंत्री मनीष ने भगवा ध्वज दिखाकर सेवा कार्य के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कहा कि आपदा की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। विश्व हिन्दू परिषद सदैव सेवा, सहायता एवं सामाजिक दायित्व के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। बाढ़ प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सामग्री पहुँचाकर उन्हें राहत प्रदान करना संगठन के सेवा संकल्प का हिस्सा है।

विश्व हिन्दू परिषद, कानपुर उत्तर ने समाज के सभी सक्षम वर्गों से अपील की कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए यथासंभव सहयोग करें तथा सेवा कार्यों में सहभागी बनें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित