चित्रकूट , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश में चित्रकूट जिले के मऊ थाना क्षेत्र में शनिवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर के बाद ट्रेलर की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसा अहिरी रोड पर धर्मकांटा के सामने हुआ। दो मोटरसाइकिलों की टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर वाहन ट्रेलर से टकरा गए। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार राजा उर्फ संदीप (20) पुत्र शिवशंकर निवासी दब्बा मजरा खड़ेहा तथा रंजीत पासी (22) पुत्र अवध नरेश निवासी सुरौधा, थाना मऊ की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
हादसे में दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित