चित्रकूट , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में पुलिस ने मंदिरों में चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन अंतर्राज्यीय चोरों और एक सुनार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग सात किलो चांदी, हनुमान जी की गदा, पूजा सामग्री तथा 65 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। हाल ही में भरतकूप मंदिर, बाल हनुमान आश्रम मंदिर और अकेलवा बाबा आश्रम में हुई चोरी की घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता सामने आई है।
जांच में पता चला कि आरोपी पहले मंदिरों को निशाना बनाते थे, वहां पहुंचकर मूर्तियों और परिसर की फोटो खींचते थे, फिर रेकी कर सुनियोजित ढंग से चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ चोरी की छह घटनाओं का खुलासा किया है।
पुलिस अधीक्षक ए.के. सिंह को चोरी की घटनाओं के सफल अनावरण पर स्थानीय लोगों ने बधाई दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित