चित्रकूट , सितंबर 3 -- उत्तर प्रदेश में चित्रकूट जिले के थाना भरतकूप अंतर्गत ग्राम पंचायत बराछी में एक कच्चा मकान गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मृत्यु हो गई। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने गुरुवार को बताया कि बीती देर रात इस हादसे में गृह स्वामी कल्लू यादव (32) उनके पांच वर्षीय पुत्र अंश तथा एक वर्षीय दुधमुंही बच्ची की मौके पर मौत हो गई। घटना में कल्लू यादव की पत्नी कुंता देवी (30) तथा उनकी चार वर्षीय पुत्री अंशिका घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिलाधिकारी ने पीड़ित परिजनों को हर संभव सहायता एवं सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा परिवार की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के रहने के लिए आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही बच्चों की शिक्षा एवं पात्रता के अनुसार पेंशन सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित