चित्रकूट , सितंबर 02 -- उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में अतिवृष्टि के कारण कर्वी, मानिकपुर और राजापुर तहसील के कुल 36 गांवों के करीब 13,906 लोग प्रभावित हुए हैं। जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री और पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बुधवार देर शाम बताया कि कर्वी तहसील के रामघाट सहित 19 गांव, मानिकपुर के 10 और राजापुर तहसील के सात गांव अतिवृष्टि से प्रभावित हुए हैं। प्रभावित परिवारों को अब तक 26,220 पैकेट पका हुआ भोजन वितरित किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि जिले को प्राप्त 2,000 राशन किट में से कर्वी तहसील में 750 और राजापुर में 495 राहत किट वितरित की जा चुकी हैं। राहत किट का वितरण लगातार जारी है और अगले दो दिनों में 2,000 और राशन किट वितरित करायी जाएंगी।

जिलाधिकारी के अनुसार बाढ़ से आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के संबंध में अब तक 205 प्रकरणों में भुगतान की कार्रवाई पूरी करते हुए कुल 8.20 लाख रुपये की धनराशि लाभार्थियों के खातों में अंतरित की जा रही है। शेष प्रकरणों में भी शीघ्र भुगतान की कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि बुधवार शाम छह बजे मंदाकिनी नदी का जलस्तर 129.200 मीटर दर्ज किया गया। नदी का जलस्तर लगातार घट-बढ़ रहा है, जिस पर प्रशासन की ओर से सतर्क निगरानी रखी जा रही है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने, क्षति का सर्वेक्षण, पात्र लाभार्थियों की ऑनलाइन फीडिंग तथा नियमानुसार भुगतान की कार्रवाई में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने प्रभावित परिवारों को शासन की मंशा के अनुरूप तत्काल राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखते हुए राहत एवं बचाव कार्य, राहत किट तथा पका हुआ भोजन वितरण, क्षति का सर्वेक्षण और राहत राशि के भुगतान की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित