नयी दिल्ली , अगस्त 08 -- चित्रकूटधाम कर्वी-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14109/14110) अब नहीं चलेगी। इसके स्थान पर माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14123/14124) यात्रियों को परिवहन की सुविधा मुहैया करायेगी।

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और ट्रेन संचालन को बेहतर बनाने के लिए चित्रकूटधाम कर्वी-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14109/14110 ) और माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14123/14124) का विलय करने और माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-चित्रकूटधाम कर्वी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14123/14124) के रूप में चलाने का निर्णय लिया है।

रेलवे ने शनिवार को बताया कि इस विलय से माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ और चित्रकूटधाम कर्वी के बीच सीधा सम्पर्क बेहतर होगा। साथ ही कानपुर सेंट्रल, लखनऊ क्षेत्र और चित्रकूट जैसे महत्वपूर्ण स्थानों के बीच सम्पर्क को मज़बूत मिलेगी। इन दोनों ट्रेनों के विलय अधिक यात्रियों को ले जाने की क्षमता बढ़ जाएगी। मौजूदा समय में ये ट्रेनें 12-कोचों के साथ चलती थीं, जिसे बढ़ाकर 24 कोच कर दिया जाएगा। इससे बैठने की क्षमता में काफी बढ़ोतरी होगी और कानपुर-प्रतापगढ़ सेक्शन पर भीड़भाड़ और यात्रियों की मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।

रेलवे के अनुसार बढ़ी हुई क्षमता से कानपुर, बांदा, चित्रकूट, प्रतापगढ़ और इस मार्ग पर पड़ने वाले अन्य स्टेशनों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को ज़्यादा सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन चित्रकूट और लखनऊ-प्रतापगढ़ क्षेत्र के बीच सीधा रेल सम्पर्क को बेहतर बनाएगी। इससे यात्रियों को कानपुर सेंट्रल पर ट्रेन बदले बिना यात्रा का अधिक सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।

इससे चित्रकूट, प्रतापगढ़ और लखनऊ क्षेत्र के महत्वपूर्ण धार्मिक और क्षेत्रीय केंद्रों के बीच तीर्थयात्रा, पर्यटन, शिक्षा, रोज़गार और अन्य उद्देश्यों से यात्रा करनवे वाले यात्रियों को विशेष लाभ होगा। यह ट्रेन माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, चिलबिला, माँ चंद्रिका देवी धाम अंतू, अमेठी, गौरीगंज, कासिमपुर, जायस, फुरसतगंज, रायबरेली, हरचंदपुर, बछरावां, निगोहां, लखनऊ, मानक नगर, उन्नाव, कानपुर सेंट्रल, भीमसेन, कठारा रोड, पटारा, घाटमपुर, हमीरपुर रोड, यमुना साउथ बैंक, भरवा सुमेरपुर, रगाौल, बांदा, अतर्रा और चित्रकूटधाम कर्वी स्टेशनों पर रुकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित