चित्रकूट , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में ब्रह्माकुमारीज के तत्वावधान में 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं किसान बंधुओं ने नशामुक्ति का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कहा कि देश को नशामुक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों एवं परिवार के सदस्यों पर विशेष ध्यान दें तथा उन्हें नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। विशेष रूप से विद्यालय एवं महाविद्यालय जाने वाले युवाओं की संगति एवं गतिविधियों पर ध्यान दिया जाए, ताकि वे किसी प्रकार के नशीले पदार्थ के सेवन की ओर न बढ़ें।

उन्होंने कहा कि गुटखा, तंबाकू, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है और गंभीर बीमारियों का कारण बनता है। नशे की आदत से व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति भी प्रभावित होती है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि नशे से दूर रहें और अपने परिवार के साथ पर्याप्त समय व्यतीत करते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाएं।

कार्यक्रम में ज्ञानवीणा पत्रिका के संपादक एवं वरिष्ठ राजयोगी ब्रह्माकुमार श्रीप्रकाश भाई ने बताया कि ब्रह्माकुमारी संस्थान एक अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक एवं नैतिक शिक्षण संस्थान है, जो मानव के आध्यात्मिक सशक्तिकरण एवं चरित्र निर्माण के माध्यम से सुख-शांति से परिपूर्ण समाज के निर्माण के लिए निःशुल्क सेवाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के अंतर्गत युवा, महिला, प्रशासक, शिक्षा, स्वास्थ्य, मीडिया, कृषि एवं ग्राम विकास सहित विभिन्न प्रभागों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक एवं नैतिक जागरूकता का कार्य किया जा रहा है।

वरिष्ठ राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी दुर्गेश नंदिनी बहन ने बताया कि नशामुक्त भारत के निर्माण की दिशा में संस्थान के मेडिकल विंग द्वारा भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के साथ समझौता ज्ञापन किया गया है। नशामुक्ति महाभियान का देशव्यापी शुभारंभ 02 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। इसी क्रम में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा 04 अगस्त 2026 से 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान का शुभारंभ किया गया। 06 अगस्त 2026 से विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों में व्यापक स्तर पर लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि यह अभियान संस्थान की पूर्व मुख्य संचालिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत अब तक लगभग 2 करोड़ 97 लाख 70 हजार लोगों द्वारा नशामुक्ति की प्रतिज्ञा ली जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि तनाव, अवसाद, निराशा तथा गलत संगति नशे की लत के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। नशा व्यक्ति को तनाव से मुक्ति नहीं देता, बल्कि मानसिक एवं शारीरिक समस्याओं को और बढ़ाता है। इसके कारण गंभीर बीमारियां, आर्थिक नुकसान, पारिवारिक कलह एवं सामाजिक अशांति उत्पन्न होती है तथा बच्चों के भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। नशे के कारण समाज एवं राष्ट्र की मानव ऊर्जा तथा कार्यक्षमता भी प्रभावित होती है।

कार्यक्रम में डॉ. प्रदीप, अपर जिलाधिकारी, श्री जीतलाल गुप्ता, उप निदेशक कृषि सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। किसान दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान बंधुओं ने भी नशामुक्ति की प्रतिज्ञा लेकर नशे से दूर रहने एवं समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित