चित्तौड़गढ़ , अक्टूबर 27 -- राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में मंगलवार को एक व्यक्ति स्थानीय विधायक पर उसे एवं परिवारको प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए दो सौ फुट ऊंचे टावर पर चढ़ गया।

प्राप्त जानकारी अनुसार गांधीनगर निवासी जमनाशंकर तेली सुबह करीब आठ बजे वहां स्थित एक मोबाइल फोन के टावर पर चढ़ गया। उसने फोन से परिजनों और अन्य को यह जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर परिजन और लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

सूचना मिलने पर कोतवाली से पुलिस भी पहुंची और उससे बात की तो उसने विधायक चंद्रभान सिंह आक्या पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाते हुए उसकी वाटिका एवं घर का बिजली कनेक्शन काट देने और पुनः फाइल लगाने के बावजूद विधायक के दबाव में विद्युत निगम अधिकारियों द्वारा कनेक्शन नहीं करने के आरोप लगाए।

मौके पर निगम के सहायक अभियंता को भी बुलाया गया। करीब छः घंटे तक समझाने के बाद वह टावर से उतर गया, जिसे बाद में अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने उसे शांति भंग करने के आरोप में पाबंद भी करवाया। विधायक चंद्रभान सिंह ने पीड़ित व्यक्ति के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने चुनाव के दौरान उससे कभी कोई सम्पर्क नहीं किया था।

उल्लेखनीय है कि पीड़ित व्यक्ति चुनाव परिणाम के बाद से ही अपने इंस्टाग्राम पेज पर यह सारे आरोप वायरल करते हुए विधायक की प्रताड़ना से मरने तक के बयान देता रहा था। टावर पर चढ़ने के बाद भी वह अपने पेज पर विधायक पर आरोप लगा रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित