चित्तौड़गढ़ , अप्रैल 16 -- राजस्थान में चित्तौड़गए में पुलिस के स्थापना दिवस पर गुरुवार को सराहनीय कार्य करने पर 130 पुलिसकर्मियों के सम्मान सहित अन्य कई कार्यक्रम आयोजित किये गये।

पुलिस स्थापना दिवस पर पुलिस लाइन में आयोजित परेड के बाद विभाग में कर्तव्य निष्ठा एवं सराहनीय सेवाओं के लिए 10 वर्ष की लगातार बेदाग सेवा पूर्ण करने पर जिले के 20 पुलिसकर्मियों सर्वोत्तम सेवा चिन्ह, 54 पुलिसकर्मियों को अति उत्तम सेवा चिन्ह, 56 पुलिस कर्मी को उत्तम सेवा चिन्ह और प्रशंसा पत्र प्रदान करके सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही पुलिस लाइन परिसर में पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कार्मिकों द्वारा उत्साहपूर्वक शिरकत करके विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए। इसी क्रम में जनसेवा एवं मानवता के प्रति समर्पण की भावना को प्रदर्शित करते हुए पुलिस लाइन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जिसमें पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 34 यूनिट रक्तदान किया।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने इस अवसर पर कहा कि राजस्थान पुलिस अपनी गौरवशाली परंपराओं के अनुरूप कानून व्यवस्था शांति एवं सद्भाव को बनाए रखने के साथ हिंसा और अपराध की रोकथाम के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। पुलिस के जवानों ने नागरिकों की जान माल की सुरक्षा के लिए कई अवसरों पर त्याग एवं बलिदान के अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किए हैं।

इस अवसर पर शाम को शहर के ह्रदय स्थल गोल प्याऊ स्थित पदमिनी पार्क में पुलिस बैंड ने अपनी प्रस्तुति दी जिसमें आमजन शामिल हुए। इससे पूर्व पुलिस दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को पुलिस लाइन में पुलिस के जवानों अधिकारियों एवं परिवार के सदस्यों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित