चित्तौड़गढ़ , अप्रैल 29 -- राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में पुलिस विभाग के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बड़े अधिकारियों को उनके पदों से हटा दिया गया है। हाल ही में जिले के सायबर सेल प्रभारी और पुलिस उप अधीक्षक गिर्राज गर्ग को पुलिस महानिदेशक के आदेश पर एपीओ (पदस्थापन की प्रतीक्षा) कर दिया गया है। अब उन्हें अपनी सेवाएँ जयपुर मुख्यालय में देनी होंगी।
श्री गर्ग को हटाने के पीछे कई गंभीर कारण बताए जा रहे हैं। उन पर मुख्य रूप से कार्य में लापरवाही बरतने और बिना किसी सूचना के महत्वपूर्ण बैठकों से अनुपस्थित रहने के आरोप हैं। इसके अलावा, सबसे गंभीर मामला दो महीने पहले एक युवक के कथित अपहरण से जुड़ा है, जो सायबर अपराध की जांच के दौरान सामने आया था। इस मामले में पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद मामला दर्ज किया गया था, जिसकी जांच अभी जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित