चित्तौड़गढ़ , अक्टूबर 17 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के डूंगला थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करके भारी मात्रा में अवैध बारूद, तैयार पटाखे एवं पटाखे बनाने के उपकरण बरामद किये हैं।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने शनिवार को बताया कि मौके से नौ आरोपियों को गिरफ्तार करके दो बाल अपचारियों को निरुद्ध किया है। उन्होंने बताया कि जिला विशेष दल (डीएसटी) के प्रभारी सूरज कुमार ने मुखबिर से मिली सूचना पर दल के साथ करसाना से गुरजनियां जाने वाले रास्ते पर हिम्मतसिंह राजपूत के खेत पर बने मकान पर छापा मारा। उक्त मकान में भारी मात्रा में बारूद का जखीरा बरामद हुआ। साथ ही टाखा बनाने में काम में आने वाले अन्य उपकरण के साथ कच्चा माल बरामद हुआ।
उन्होंने बताया कि मौके से प्रवेश नागले, आदिल खान, देवेन्द्र नागले, रविन्द्र संखपाल, करण संखपाल, बाबु संखपाल, संतोष मसाने, रोहित भाटिया और अरमान खान को गिरफ्तार किया गया जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया। सभी आरोपी मध्यप्रदेश के बुरहानपुर, हरदा एवं गुजरात के दाहोद जिले के निवासी हैं। मुख्य आरोपी हिम्मत सिंह है जो अपने खेत पर गांव से एक किलोमीटर दूरी पर एकांत में अवैध फैक्ट्री चला रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित