चित्तौड़गढ़ , सितंबर 14 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले की दोनों नगर परिषदों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कब्जा कर लिया।
सहकारिता मंत्री गौतम दक अपने क्षेत्र की बड़ीसादड़ी, विधायक अर्जुन जीनगर क्षेत्र की कपासन एवं आकोला और डॉ सुरेश धाकड़ रावतभाटा नगरपालिका पार्टी की झोली में नहीं ला पाए। चित्तौड़गढ़ नगर परिषद का चुनाव भी भाजपा निर्दलीय चंद्रभान सिंह के बूते जीत पायी है।
निर्वाचन विभाग द्वारा जारी अंतिम चुनाव परिणामों अनुसार 60 सदस्यीय नगर परिषद में भाजपा ने 33 वार्डों में जीत दर्ज करके स्पष्ट बहुमत हासिल किया है जबकि कांग्रेस को 23 वार्ड पर जीत मिली तो चार निर्दलीय ने भी बाजी मारी ली।
जिले की दूसरी 45 सदस्यीय निम्बाहेड़ा नगर परिषद में सम्पूर्ण चुनाव पूर्व मंत्री विधायक श्रीचंद कृपलानी के हाथों में रहा और यहां भाजपा ने 27 वार्ड जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया जबकि कांग्रेस को 17 वार्डों में और एक में निर्दलीय को जीत मिली।
सहकारिता मंत्री गौतम दक के क्षेत्र की एक मात्र 25 सदस्यीय बड़ीसादड़ी नगरपालिका में भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ा और कांग्रेस ने 13 वार्ड जीतकर स्पष्ट बहुमत लिया वहीं भाजपा को 12 वार्ड में ही जीत मिली।
कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर के क्षेत्र की कपासन एवं आकोला नगरपालिका में भाजपा की हार हुई है। कपासन के 25 वार्ड में से कांग्रेस ने 13 और भाजपा ने 10 जबकि निर्दलीय ने दो वार्ड जीते हैं, यहां एक वार्ड भाजपा पहले से निर्विरोध जीत चुकी थी। आकोला नगरपालिका के 20 वार्ड में से 12 वार्ड कांग्रेस ने जीतकर स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया, यहां भाजपा को सात वार्ड ही मिले और एक पर निर्दलीय ने जीत हासिल की है।
बेंगू एवं रावतभाटा नगरपालिका चुनाव में बेंगू के 35 वार्ड में से पांच निर्विरोध सहित कुल 24 वार्ड भाजपा ने जीते जबकि आठ कांग्रेस ने और तीन वार्ड निर्दलीय ने जीते हैं। इसके विपरित क्षेत्र की 40 सदस्यीय रावतभाटा नगरपालिका में किसी को मतदाता ने बहुमत नहीं दिया है, यहां भाजपा ने 17, कांग्रेस ने 16 और निर्दलीय ने 7 वार्डों में जीत हासिल की है। बेंगू में पांच भाजपा सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित