जयपुर , अगस्त 30 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले की भैंसरोड़गढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब सवा तीन क्विंटल अवैध डोडा-चूरा एवं लगभग दो किलोग्राम अफीम बरामद की हैं। चित्तौड़गढ़ जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं संगठित अपराध के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत ऑपरेशन त्रिनेत्र में यह कार्रवाई की गयी। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस टीम द्वारा भैंसरोड़गढ़ थाना क्षेत्र के श्रीपुरा से आगे पुलिया पर नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर चालक स्कॉर्पियो को वापस धांगड़मऊ की ओर मोड़कर तेज गति से भगाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए धांगड़मऊ चौकी के जाप्ते को सूचना दी।

इस दौरान स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास करने पर चालक ने सरकारी बोलेरो को टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गये। इसके बाद स्कॉर्पियो चालक और उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गये।

संदिग्ध स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर उसमें 324 किलो 420 ग्राम अवैध डोडा-चूरा एवं एक किलोग्राम 920 ग्राम अवैध अफीम मिली। इसके अलावा 12 बोर के आठ कारतूस, पिस्टल के चार कारतूस तथा आठ अलग-अलग नंबरों की नंबर प्लेटें बरामद हुईं।

पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ, कारतूस एवं नंबर प्लेटों को जब्त करते हुए स्कॉर्पियो को भी कब्जे में ले लिया। एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट एवं पीडीपीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान एवं तलाश में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित