नाहन , नवंबर 4 -- हिमाचल प्रदेश में करीब डेढ़ महीने के लंबे इंतजार के बाद पर्यटक सिरमौर जिले के रेणुकाजी मिनी चिड़ियाघर में रॉयल बंगाल टाइगर के जोड़े 'बाजीराव' और 'मस्तानी' का दीदार कर सकेंगे। इन दो बाघों के लिए बनाए गए अत्याधुनिक एनक्लोजर बनाए गए हैं।
वन्यजीव विभाग शिमला के डीएफओ डॉ. शाहनवाज अहमद भट ने यह जानकारी दी। लगभग 12 साल के लंबे इंतजार के बाद रॉयल बंगाल टाइगर का यह जोड़ा 20 सितंबर को रेणुकाजी पहुंचा था। इन दोनों बाघों को महाराष्ट्र के नागपुर स्थित गोरेवाड़ा वन्यजीव चिड़ियाघर से सुरक्षा घेरे में लाया गया था। लगभग 1,900 किलोमीटर का यह सफर 41 घंटे में पूरा किया गया था। विभाग ने नर बाघ का नाम 'बाजीराव' और मादा बाघ का नाम 'मस्तानी' रखा है।
बाघों के लिए तैयार किए गए इस आधुनिक बाड़े में छायादार जगह, खुले क्षेत्र, खोर और अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा, नियमित स्वास्थ्य जांच, निगरानी और आपातकालीन उपचार के लिए एक वन्यजीव उपचार केंद्र भी बनाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित