चंडीगढ़ , मई 27 -- पंजाब सरकार द्वारा वन्यजीव संरक्षण और जागरूकता को बढ़ावा देने के प्रयासों का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। महेंद्र चौधरी जूलॉजिकल पार्क, छतबीर में इस वर्ष के पहले पांच महीनों में 2,31,930 से अधिक पर्यटक पहुंचे हैं।

वन एवं वन्यजीव संरक्षण मंत्री लाल चंद कटारूचक ने बुधवार को बताया कि सरकार लगातार लोगों को वन्यजीवों के संरक्षण और उनके प्रति संवेदनशील बनाने के लिए अभियान चला रही है, जिसका उत्साहजनक परिणाम सामने आ रहा है। उन्होंने बताया कि जनवरी में छतबीर चिड़ियाघर में 48,719 पर्यटक पहुंचे, जबकि फरवरी में 5 4,216, मार्च में 66,377, अप्रैल में 40,168 और मई में अब तक 22,450 लोग चिड़ियाघर घूमने पहुंचे।

उन्होंने कहा कि छतबीर चिड़ियाघर में वन्यजीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक और आकर्षक परियोजनाएं शुरू की गयी हैं। उन्होंने बताया कि देश की सबसे बड़ी और लंबी 'वॉक-इन एवियरी' पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसके अलावा, यहां अत्याधुनिक डायनासोर पार्क भी विकसित किया गया है, जिससे बच्चों और पर्यटकों को मनोरंजन के साथ-साथ शैक्षणिक अनुभव भी मिल रहा है।

श्री कटारूचक ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य लोगों को प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण संतुलन को सुरक्षित रखा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित